Monday, May 22, 2023

चाहतें मौसमी परिंदे हैं रुत बदलते ही लौट जाते हैं

चाहतें मौसमी परिंदे हैं रुत बदलते ही लौट जाते हैं 

घोंसले बन के टूट जाते हैं दाग़ शाख़ों पे चहचहाते हैं 

आने वाले बयाज़ में अपनी जाने वालों के नाम लिखते हैं 
सब ही औरों के ख़ाली कमरों को अपनी अपनी तरह सजाते हैं 

मौत इक वाहिमा है नज़रों का साथ छुटता कहाँ है अपनों का 
जो ज़मीं पर नज़र नहीं आते चाँद तारों में जगमगाते हैं 
ये मुसव्विर अजीब होते हैं आप अपने हबीब होते हैं 
दूसरों की शबाहतें ले कर अपनी तस्वीर ही बनाते हैं 

यूँ ही चलता है कारोबार-ए-जहाँ है ज़रूरी हर एक चीज़ यहाँ 
जिन दरख़्तों में फल नहीं आते वो जलाने के काम आते हैं 

Nida Fazli

No comments: